सुंदरनगर/डैहर (मंडी)। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला सुंदरनगर में लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। वीरवार को जालपा कला मंच स्यांह के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक व गीत संगीत के माध्यम से सुकेत मंच पर लोगों को जागरूक किया। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेला को इस वर्ष नशा मुक्ति थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से जालपा कला मंच स्यांह के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया कि नशा एक धीमा जहर है जो अंदर ही अंदर युवाओं को खोखला कर रहा है। युवा पीढ़ी को नशे के मक्कड़जाल से बचाने के लिए अभिभावकों के साथ समाज के हर व्यक्ति को आगे आना होगा। इस अवसर पर मेला कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने क्षेत्र की जनता से आह्वान किया है कि वह नशे को नजर अंदाज न करें, यदि उनके आस पास नशे की कोई घटना दिखाई देती है तो उसकी जानकारी संबंधित जिम्मेदार व्यक्ति को जरूर दें।