मेरिट सूची में आने वाले अभ्यर्थियों को उनकी आईडी पर दाखिले के प्रोविजनल लेटर जारी
मंडी। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के दायरे में आने वाले कॉलेजों में पीजी कोर्स समेत बीएड की सीटों को भरने के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू हो गई है। विवि प्रशासन ने बीएड की मेरिट सूची जारी कर दी है। मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले अभ्यर्थियों को उनकी आईडी पर दाखिले के प्रोविजनल लेटर जारी कर दिए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से विवि की अधिकारिक वेबसाइट पर भी मेरिट सूची को संबंधित काॅलेजों के नाम पते के साथ अपलोड कर दिया है। मेरिट सूची में स्थान पाने वाले अभ्यर्थी अब संबंधित काॅलेजों में मंगलवार तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर दाखिला ले सकेंगे। बीएड की प्रथम मेरिट सूची में काॅलेजों की 60 प्रतिशत सीटों को भरने का दावा विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से किया जा रहा है। इसके अलावा सरदार पटेल विश्वविद्यालय कैंपस समेत अन्य काॅलेजों की पीजी कोर्सों के अभ्यर्थियों की मेरिट सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। अभ्यर्थी संबंधित काॅलेजों में दाखिला ले सकेंगे। सरदार पटेल विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक अफेयर्स डाॅ. सनील ठाकुर ने अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी करने की पुष्टि की है। संवाद