करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग में हजारों उपभोक्ता अब घर बैठे पानी का बिल जमा कर सकेंगे। जलशक्ति विभाग करसोग मंडल ने उपभोक्ताओं के लिए ऑनलाइन भुगतान की सुविधा आरंभ कर दी है। पहले चरण में नगर पंचायत परिधि में यह सुविधा शुरू होगी।
नगर पंचायत परिधि में सभी उपभोक्ताओं को दो सप्ताह के भीतर ऑनलाइन पानी के बिल जारी किए जाएंगे। इसमें उपभोक्ताओं का ऑनलाइन खाता नंबर भी अंकित होगा। ऑनलाइन बिलिंग के लिए उपभोक्ता जलशक्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर क्लिक करके पानी के बिल की अदायगी कर सकते हैं। बिल की अदायगी किसी भी क्रेडिट, डेबिट कार्ड एवं इंटरनेट बैंकिंग से की जा सकती है।
उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर से एचपी वाटर बिल एप भी डाउनलोड कर बिलों का भुगतान कर सकते हैं। विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से पेयजल बिलों के भुगतान की सुविधा का लाभ उठाए जाने की अपील की है। इसके बाद दूसरे चरण में ग्रामीण क्षेत्रों में यह सुविधा दी जाएगी।
करसोग सब डिविजन के सहायक अभियंता दत्तराम का कहना है कि उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए बिलों के ऑनलाइन भुगतान की सुविधा आरंभ की गई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बिलों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी लेने के लिए उपभोक्ता टेलीफोन नंबर 01907-222159 पर संपर्क कर सकते हैं। संवाद