मंडी के विपाशा सदन में बिजली महोत्सव का शुभारंभ करते जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह।
- फोटो : Mandi
मंडी। जिला मंडी में सुकेती खड्ड के तटीकरण पर लगभग 475 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। तटीकरण परियोजना की स्वीकृति का मामला दिल्ली में केंद्रीय तकनीकी मंजूरी समिति (केंद्रीय टेक्निकल अप्रूवल कमेटी) के पास पहुंच चुका है।
समिति की मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। यह जानकारी जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने दी। कहा कि तटीकरण होने से भूमि कटाव रुकेगा। उपजाऊ भूमि खड्ड की सिल्ट से बचेगी और अवैध खनन पर भी लगाम लगेगी। मंत्री महेंद्र सिंह ने सोमवार को विपाशा सदन मंडी में जल शक्ति विभाग के जिला कुल्लू और मंडी के आला अधिकारियों के साथ बैठक की।
बताया कि सुकेती खड्ड तटीकरण परियोजना से मंडी जिले के चार विधानसभा क्षेत्र मंडी, बल्ह, नाचन और सुंदरनगर के लोग लाभान्वित होंगे। इस दौरान कुल्लू और मंडी जिलों की विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना तथा नाबार्ड के तहत चलाई जा रही विभिन्न विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। संवाद
..
जल जीवन मिशन में अव्वल
जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में जल जीवन मिशन के कार्यान्वयन में हिमाचल देशभर में अव्वल रहा है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने भी इसके लिए प्रदेश सरकार की तारीफ की है। जलशक्ति विभाग के सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए जी-जान से काम किया है। आगे भी इसी तरह डट कर काम करने का आग्रह किया।
....
पुरानी परियोजनाओं के सुधार, स्तरोन्नयन पर दें बल
महेंद्र सिंह ठाकुर ने अधिकारियों को पेयजल और सिंचाई की पुरानी परियोजनाओं के सुधार एवं स्तरोन्नयन पर बल देने को कहा। उन्होंने जिले में बन कर तैयार नई परियोजनाओं को शुरू करने के लिए बिजली ट्रांसफार्मर लगवाने जैसे कार्यों को अविलंब कराने के निर्देश दिए।