जोगिंद्रनगर (मंडी)। जिला स्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में आदर्श कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर की खिलाड़ियों का दबदबा रहा। स्कूल की पांच खिलाड़ियों अनिशा, तनिशा, कनिका, अक्षरा और दिवांशी ने शानदार प्रदर्शन कर जिलेभर में पहला इनाम जीता है।
11 अगस्त से 14 अगस्त तक मंडी जिले के रिवालसर में हुई अंडर-14 छात्राओं की खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर इनका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। कबड्डी और खो-खो में भी आदर्श कन्या पाठशाला जोगिंद्रनगर की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। खिलाड़ी शैलजा का राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ।
खो-खो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिवांशी का चयन हुआ है। मंगलवार को स्कूल पहुंची विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। स्कूल के शारीरिक शिक्षक उमेश, डीपीई मनजीत गोस्वामी ने बताया कि जिलास्तरीय हैंडबाल प्रतियोगिता में स्कूल की खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया।
प्रधानाचार्य सुनील ठाकुर ने बताया कि आदर्श कन्या पाठशाला की प्रतिभावान खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन करेंगी। संवाद