मंडी के सनोई और कांढीधार बूथों के लिए बर्फबारी के बीच सड़क से गुजर रही ट्रैवलर। ट्रैवलर में मतदान
- फोटो : Mandi
मंडी/थुनाग (मंडी)। सराज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुडाह के बूथ सनोई और कांढीधार में बर्फबारी के बीच पोलिंग पार्टियां पहुंचीं। सराज क्षेत्र के इन दो बूथों में कुल 994 मतदाता 12 नवंबर को मतदान करेंगे। इनमें सनोई बूथ में 471 और कांढीधार बूथ में 523 मतदाता वोट डालेंगे।
यहां पर चुनाव करवाने के लिए मतदान पार्टियां चुनाव सामग्री सहित पहुंची। सड़क पर हल्की बर्फ होने के चलते ट्रैवलर वाहन को बूथों तक पहुंचने में काफी दिक्कतें हुईं। बर्फ से वाहन के टायर बार-बार फिसल रहे थे। इन बूथों तक पहुंचने के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को कुछ दूर तक सामान को उठाकर पैदल भी चलना पड़ा।
कांढीधार बूथ के बीएलओ वीर सिंह ने बताया कि बूथों तक पहुंचने में कुुछ दिक्कतें हुईं, मगर वह सुरक्षित बूथों तक पहुंच गए। सड़क पर थोड़ी-थोड़ी बर्फ के कारण वाहन फिसल रहा था, मगर बाद में सभी पार्टी सदस्य अपने-अपने बूथ पर सुरक्षित पहुंचे। संवाद