भूपेंद्र सिंह ने 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ पर फहराया तिरंगा।
- फोटो : संवाद
दक्षिण अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट एकांकागुआ पर 22 फरवरी को सुंदरनगर के बेच्छना निवासी नायब सूबेदार भूपेंद्र सिंह तिरंगा फहराया। करीब 6,961 मीटर ऊंची दुर्गम चोटी पर पहुंचकर उन्होंने न केवल भारतीय सेना बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया। अर्जेंटीना के मेंडोजा प्रांत में स्थित माउंट एकांकागुआ पर्वतारोहियों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण शिखर माना जाता है। तेज बर्फीली हवा, अचानक बदलता मौसम और ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी जैसी विषम परिस्थितियों के बीच शिखर तक पहुंचना किसी भी पर्वतारोही के लिए कठिन परीक्षा होती है। इन प्रतिकूल हालातों के बावजूद भूपेंद्र सिंह ने अदम्य साहस, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान और जवाहर पर्वतारोहण संस्थान के संयुक्त दल की ओर से अभियान चलाया गया। दल ने 5 फरवरी को प्रस्थान किया। कठिन चरणों को पार करते हुए 22 फरवरी को दोपहर 2 बजकर 10 मिनट पर दल शिखर पर पहुंचा और तिरंगा फहराया। भूपेंद्र सिंह 3 महार रेजिमेंट में बतौर नायब सूबेदार सेवारत हैं।