मंडी। मंडी शहर में अत्यधिक मात्रा में पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम ने कड़ा रुख अपना लिया है। नगर निगम क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विज्ञापन और पोस्टर चस्पां करने पर एक जादूगर पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित जादूगर को नगर आयुक्त कार्यालय में तलब भी किया गया। निगम प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता को बिगाड़ने वाले इन सभी पोस्टरों को आगामी दो दिनों के भीतर पूरी तरह से हटा दिया जाए। आयुक्त डॉ. मदन कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा के भीतर पोस्टर नहीं हटाए गए तो निगम नियमों के तहत और कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा। संवाद