गोहर उपमंडल के तहत खारसी पंचायत के रोपड़ी गांव में एक आरा फैक्टरी में भड़की आग। संवाद
गोहर (मंडी)। गोहर उपमंडल की खारसी पंचायत के रोपड़ी गांव में एक आरा मशीन और फर्नीचर बनाने के कमरे (जोईनरी) में शनिवार सुबह पांच बजे )आग लग गई। इससे आरा मशीन, एक गोशाला और आटा चक्की समेत लाखों की देवदार की लकड़ी जलकर राख हो गई। घटना में करीब 50 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। घटना में फैक्टरी मालिक का मकान जलने से बाल-बाल बच गया। घटना के दौरान गांव में अफरा तफरी मच गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।जानकारी के अनुसार खारशी पंचायत के रोपड़ी गांव में शनिवार सुबह करीब पांच बजे कुलदीप शर्मा की आरा मशीन में रखी लकड़ी में आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया। इसकी चपेट में आरा मशीन और फैक्टरी, साथ लगती गोशाला और आटा चक्की आग की चपेट में आ गई। आग की लपटें उठते ही गांव में अफरा तफरी मच गई। लोग बचाव कार्य के लिए इधर-उधर भागने लगे। लोगों ने पाइप लगाकर और पानी की बाल्टियां भरकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मगर तब तक सब कुछ जल गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अग्निशमन की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। कड़ी मशक्कत कर फैक्टरी मालिक कुलदीप शर्मा पुत्र दत्त के घर जलने से बचाया गया। उधर, डीएसपी देवराज ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।