पधर (मंडी)। पधर में चल रहे जिला स्तरीय किसान मेले में स्थानीय युवा और मंहिला मंडलों की विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। वीरवार को आयोजित खेल स्पर्धाओं में तहसीलदार पधर विकास कौंडल बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। इस दौरान वॉलीबाल प्रतियोगिता में उपमंडल की 12 टीमों ने भाग लिया। फाइनल में कोटली और कुन्नू के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें कोटली टीम ने कुन्नू को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। बैडमिंटन में कुल 22 टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला प्रकाश-सचिन और अनिमेष-अभिषेक के बीच खेला गया। इसमें प्रकाश-सचिन विजेता और अनिमेष-अभिषेक उप विजेता रहे। मेला आयोजन समिति की ओर से मुख्यातिथि की ओर से वॉलीबाल की विजेता टीम को 11 हजार और उपविजेता को 8100 रूपये, बैडमिंटन विजेता को 2100 और उपविजेता को 1500 की राशि इनामी राशि दी, जबकि कबड्डी विजेता टीम को 8100 और उपविजेता को 5100 रुपये की राशि से नवाजा गया। इस अवसर पर पुलिस विभाग से शेष राम, डीपीई दिनेश कुमार, डीपीई मान सिंह, डीपीई भूपेंद्र शर्मा और अन्य मौजूद रहे। संवाद