सरकाघाट (मंडी)। निजी होटल सरकाघाट में 18 जुलाई को यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एक्स-सर्विसमैन यूनिट सरकाघाट की बैठक इकाई अध्यक्ष कैप्टन अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष कैप्टन जगदीश चंद वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। बैठक में एक सेना, एक परिवार के महाआह्वान के तहत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 26 जुलाई को सुबह 10:30 बजे सरकाघाट के ओल्ड बस स्टैंड पर पहली बार कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। संगठन ने क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे राजनीति, विचारधारा और पदों की प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठकर आपसी मतभेदों को भुलाएं और एक मंच पर एकत्रित होकर देश के वीर शहीदों को नमन करें। वक्ताओं ने कहा कि सेना में अलग-अलग रेजिमेंट होने के बावजूद सभी का एकमात्र उद्देश्य देश की रक्षा करना होता है। उसी भावना को कायम रखते हुए सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिक अपनी एकता और संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन करेंगे। संवाद