सरकाघाट (मंडी)। सरकाघाट शिव मंदिर सराय में अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस जिला स्तर पर वीरवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा ने की, जिनका स्वागत वरिष्ठ नागरिक इकाई सरकाघाट-गोपालपुर के अध्यक्ष प्रकाश चंद चौहान और सदस्यों ने किया। इस अवसर पर 80 वर्ष से अधिक आयु के 60 बुजुर्गों को सम्मानित किया, जिनमें 90 वर्षीय रोशनी देवी और 84 वर्षीय रोशनी शामिल रहीं। तहसील कल्याण अधिकारी पूनम शर्मा ने बुजुर्गों को पेंशन, स्वास्थ्य और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान हिमालयन पब्लिक स्कूल सरकाघाट के बच्चों ने पेंटिंग प्रदर्शनी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि ने बुजुर्गों की हौसला आफजाई करते हुए जिला इकाई को 51,000 रुपये तथा सरकाघाट इकाई को 31,000 रुपये का अनुदान भेंट किया।