मंडी। महिला एवं बाल विकास विभाग मंडी ने मिशन शक्ति के अंतर्गत 2 से 12 सितंबर तक आयोजित होने वाले विशेष जागरुकता अभियान की शुरुआत की है। मंगलवार को ऑनलाइन वर्चुअल जागरुकता सत्र का आयोजन जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय बदरेल की अध्यक्षता में किया गया। इसमें पर्यवेक्षकों सहित वन स्टॉप सेंटर, शक्ति सदन और चाइल्ड हेल्पलाइन का पूरा स्टाफ शामिल हुआ। विशेषज्ञों ने महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की जानकारी दी। सुनील कुमार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, नारी अदालत, शक्ति सदन, सखी निवास (कामकाजी महिला छात्रावास), पालना (क्रेच सुविधा) और जिला स्तर पर स्थापित डीएचईडब्ल्यू केंद्र की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। जिला विस्तार अधिकारी जितेंद्र वर्मा ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पोर्टल पर आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान संबंधी उपयोगी जानकारी साझा की। वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक रीता ठाकुर ने वन स्टॉप सेंटर और महिला हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली व सेवाओं के बारे में बताया। संवाद