मंडी। वल्लभ राजकीय महाविद्यालय, मंडी में विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छात्रवृत्ति जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में करीब 300 विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और छात्रवृत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं, पात्रता मानदंड, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन की समय-सीमा की जानकारी प्रदान करना रहा। कला एवं वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के लिए मंगलवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे पुस्तकालय सम्मेलन कक्ष में जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। सत्र की अध्यक्षता छात्रवृत्ति संयोजक डॉ. मोनिका पंचानी ने की। कार्यशाला के दौरान डॉ. महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ उठाने के लिए आवश्यक पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेजों तथा निर्धारित समय-सीमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।