सुंदरनगर (मंडी)। महाराजा लक्ष्मण सेन स्मारक महाविद्यालय सुंदरनगर के शिक्षा विभाग में आयोजित तीन दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम शुक्रवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन परिचय सत्र का आयोजन किया, जिसमें बीएड प्रशिक्षुओं ने अपना परिचय देते हुए अपनी शैक्षणिक योग्यता, रुचियों और भविष्य में एक आदर्श शिक्षक बनने के संकल्प को साझा किया। समापन अवसर पर डॉ. मंजू गर्ग ने प्रशिक्षुओं को कहा कि बीएड केवल एक डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जीवन मूल्यों को समझने और बच्चों के मनोविज्ञान को जानने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने बल दिया कि एक कुशल शिक्षक को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण, भावनात्मक और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। तीन दिन चले इस सत्र के दौरान नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के नियमों, बीएड पाठ्यक्रम की संरचना तथा भविष्य की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। संवाद