सुंदरनगर (मंडी)। नाचन की सबसे बड़ी कोट पंचायत में बुधवार से सुशासन से प्रशासन मिलन अभियान शुरू किया गया। नवनिर्वाचित प्रधान कुंता देवी की अध्यक्षता में पंचायत प्रतिनिधियों ने जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता से मुलाकात की और सिंचाई व पेयजल व्यवस्था को सुचारु रखने की मांग की। अधिशाषी अभियंता कृष्ण कुमार ने आश्वासन दिया कि कोट पंचायत की पेयजल और सिंचाई योजनाएं बाधित नहीं होने दी जाएंगी तथा विभाग पूरा सहयोग देगा। प्रधान ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पंचायत और विभागों के बीच सीधे समन्वय से समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। साथ ही बीएसएल परियोजना की खाली जमीन पर बच्चों के लिए पार्क बनाने और समय-समय पर जनसमस्याओं के समाधान के लिए विभागीय शिविर लगाने की योजना भी है।