नैनीखड्ड (बनीखेत)। एचआरटीसी की बसों के खराब होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नैनीखड्ड में एक एचआरटीसी बस पिछले पांच दिन से खराब हालत में लावारिस खड़ी है। वहीं, मंगलवार दोपहर बाद करीब तीन बजे दिल्ली से आने वाली एचआरटीसी की बस भी नैनीखड्ड में खराब हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि कुछ लोग दुनेरा से बस में सवार हुए थे। दुनेरा में मणिमहेश जाने वाली एचआरटीसी की एक बस खराब हो गई थी। इसके चलते उन्हें दिल्ली जाने वाली बस में बैठना पड़ा। यात्रियों का कहना था कि वे मणिमहेश यात्रा के लिए निकले थे लेकिन बस सेवा बाधित होने के बाद उन्हें टैक्सी का सहारा लेना पड़ रहा है। टैक्सी ऑपरेटरों से किराये को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है। मणिमहेश यात्रा के लिए निकले यात्रियों जगदेव सिंह, नरेश कुमार, केवल कुमार, योगराज और संजीव कुमार ने कहा कि एचआरटीसी की बसों के बार-बार खराब होने से यात्रियों को समय और धन दोनों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने निगम प्रबंधन से मांग की कि खराब बसों को जल्द हटाकर उनकी जगह पर्याप्त बसें उपलब्ध करवाई जाएं। यात्रियों ने हिमाचल पथ परिवहन निगम से मामले में उचित कार्रवाई करने और बस सेवा सुचारु करवाने की मांग की है।