मंडी-पठानकोट सड़क पर घटासनी में हांफी एचआरटीसी की बस अंदर। स्रोत जागरूक पाठक
डेढ़ घंटे तक परेशान रहे 30 यात्री, दूसरी बस में रवाना किए
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। एचआरटीसी बसों में सफर कर रहे यात्रियों की परेशानियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। लचर संचालन के चलते मंगलवार को भी घटासनी के समीप पठानकोट डिपो की बस खराब हो गई, जिससे उसमें सवार करीब 30 यात्रियों को दो घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी। यह बस दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर बस स्टैंड से मंडी के लिए रवाना हुई थी। मंडी-पठानकोट सड़क पर चढ़ाई चढ़ते समय करीब 4 बजे घटासनी के पास बस में तकनीकी खराबी आ गई और वह रास्ते में ही खड़ी हो गई। बस में सवार यात्रियों सुरजीत, सदा राम, गीता देवी और दिलीप ने बताया कि उन्हें करीब डेढ़ घंटे तक बस में ही परेशान होना पड़ा। बाद में कुछ यात्रियों को निजी बसों के माध्यम से गंतव्य के लिए भेजा गया, जबकि शेष यात्रियों को करीब डेढ़ घंटे बाद निगम की दूसरी बस से मंडी जिला मुख्यालय पहुंचाया गया। उधर, एचआरटीसी धर्मशाला डिवीजन के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्डा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण बस घटासनी में रुक गई थी। सूचना मिलने के बाद नजदीकी कर्मशाला से मिस्त्री बुलाकर बस की मरम्मत करवाई गई और उसे निर्धारित रूट पर रवाना कर दिया गया।