भवनों की जनगणना का पहला चरण संपन्न, 64 कर्मचारियों ने संभाला जिम्मा
फरवरी 2027 से शुरू होगी लोगों की वास्तविक जनगणना, डिजिटल नंबरों से सजे शहर के भवन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी नगर निगम क्षेत्र में जनगणना अभियान के तहत भवनों की हाउस लिस्टिंग का पहला चरण शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अब फरवरी 2027 से शहर में व्यक्तिगत जनगणना का कार्य शुरू होगा। अभियान को सफल बनाने के लिए 64 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी, जिन्हें नगर निगम सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षित कर्मचारियों ने शहर के सभी रिहायशी, व्यावसायिक और अन्य भवनों की नंबरिंग व लिस्टिंग का काम पूरा किया। हाउस लिस्टिंग से तैयार डाटाबेस आगामी जनगणना का आधार बनेगा। दूसरे चरण में प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों की संख्या, सदस्यों की जानकारी, साक्षरता और सामाजिक-आर्थिक आंकड़े जुटाएंगे। अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम मंडी विजय कुमार ने बताया कि हाउस लिस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। सहयोग के लिए सभी शहरवासियों का आभार है और आगामी चरणों में भी जनता से सहयोग की उम्मीद है।