परिवार के सदस्य मकान के दूसरे कमरे में होने से बच गई जान
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। उपमंडल के बड़यार (जामभर) में मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से शांता देवी के मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान शांता देवी अपने बच्चों के साथ मकान के दूसरे कमरे में मौजूद थी। घटना की सूचना मिलते ही भरगांव पटवार सर्किल की पटवारी भारती, ग्राम पंचायत भरगांव की प्रधान संतोष कुमारी, उपप्रधान शिवराम बनेर और वार्ड सदस्य मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को नियमानुसार राहत और हरसंभव सहायता प्रदान की जाए। एसडीएम जगदीश चंद ने बताया कि प्रशासन की टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया है। लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में ऐसे संवेदनशील इलाकों से दूर रहें, जहां भूस्खलन की संभावना बनी रहती है।