मंडी/पधर/ गोहर/धर्मपुर/सरकाघाट। जिले में हिंदी दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी में इस मौके पर विशेष समारोह का आयोजन किया गया।
इस मौके पर हिंदी की समकालिक प्रासंगिकता : चुनौतियां और संभावनाएं विषय पर हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी के सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में कुलपति प्रो. देवदत्त शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, यह भारत की सभ्यता है। उन्होंने कहा कि यह भाषा संपूर्ण राष्ट्र को एक सूत्र में बांधने का काम बहुत ही सहजता से करती है। उन्होंने कहा कि हिंदी विश्व में तीसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा है। कार्यक्रम में डॉ. गंगा राम राजी, डॉ. दिनेश धर्मपाल व डॉ संतोष गर्ग मुख्य वक्ताओं के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने आदि काल से लेकर आधुनिक काल तक हिंदी भाषा के सफर और विकास पर विचार प्रकट किए। उधर एनएसआईसी मंडी में प्रशिक्षुओं ने हिंदी को लेकर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद मंडी के अध्यक्ष पाल वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं ने फैशन शो और पहाड़ी नृत्य से सभी का मनमोह लिया। कार्यक्रम में उपस्थित संस्थान प्रमुख लोकेश भाटिया ने प्रशिक्षुओं से कहा कि विश्व में सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषाओं में हिंदी को तीसरा स्थान है जो कि हिंदी के लिए गर्व की बात है। यह दुनिया के कई देशों में लोकप्रिय बनी है।
इधर धर्मपुर में राष्ट्रीय हिंदी दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला भर के शिक्षण और प्रशिक्षण संस्थानों में कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
डॉ. सर्वपल्ली राधा कृष्णन राजकीय स्नातक महाविद्यालय धर्मपुर मंडी में हिंदी दिवस पर प्रतियोगिताएं हुईं। इस अवसर पर भाषण में प्रियंका प्रथम, रिया द्वितीय और उर्मिला तीसरे स्थान पर रही। निबंध लेखन में कनिका प्रथम, संतोष द्वितीय और मंजू ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। बासा कालेज गोहर में हिंदी दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य सुरीना शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने बताया कि पोस्टर लेखन प्रतियोगिता में भवानी ठाकुर ने प्रथम स्थान, वनिता कुमारी ने द्वितीय, कर्ण पुरोहित और काजल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में लीना और रोहित कुमार ने प्रथम स्थान, तमन्ना ठाकुर और डिंपल ठाकुर ने द्वितीय स्थान तथा मीनाक्षी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में अंजुम राज में प्रथम स्थान, सुमन और पूनम ने द्वितीय स्थान तथा लक्षिता ठाकुर और बिंद्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
राजकीय महाविद्यालय द्रंग स्थित नारला में हिंदी दिवस मनाया गया। प्राचार्य वंदना वैद्य ने बताया कि निबंध लेखन में बीए तृतीय वर्ष की सुनीता प्रथम, सोनिया द्वितीय और रक्षा तृतीय स्थान पर रही। भाषण में बीए तृतीय वर्ष की सोनिया प्रथम और बीए द्वितीय वर्ष का अरविन दूसरे स्थान पर रहा।
राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट में हिंदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में निबंध लेखन में कोमल ठाकुर ने प्रथम और प्रियंका ने दूसरा और तथा डोलमा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य रिखी राम कौंडल ने हिंदी के महत्व पर विस्तृत प्रकाश डाला।