हिमाचल प्रदेश में बीएड करने वाले अभ्यर्थियों के लिए होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा अब हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की देखरेख में होगी। एसपीयू और एचपीयू अब अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं नहीं करवाएंगे। प्रदेश उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद यह नियम प्रदेश भर के 70 से अधिक महाविद्यालयों में लागू कर दिया गया है। प्रदेश बीएड कॉलेज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष राजमल चौहान तथा बीएड एसोसिएशन के महासचिव वेद शर्मा ने बताया कि पहले हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के साथ-साथ मंडी स्थित सरदार पटेल विश्वविद्यालय की ओर से भी इन परीक्षाओं का आयोजन किया जाता था, लेकिन अब पूरे प्रदेश में एक ही सामान्य प्रवेश परीक्षा लागू होगी। प्रदेश उच्च न्यायालय ने अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए एक ही प्रवेश परीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया 4 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और 11 मई तक आवेदन किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा का 23 मई को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की ओर से करवाई जाएगी।