गोहर (मंडी)। बारिश न होने से परेशान किसानों बागवानों की फरियाद गूर के माध्यम से भी बड़ा देव कमरूनाग सुन नहीं रहे हैं। वहीं देव कमरूनाग में बारिश बर्फबारी के लिए वीरवार को मंदिर कमेटी हवन का आयोजन करने जा रही है। देव कमरूनाग को मंडी जिला में बारिश का देवता कहा जाता है। देवता स्थल में शुद्धि भी न हो तो देवता बारिश नहीं बरसाते हैं। ऐसे में अब देवता कमेटी ने कमरूनाग मंदिर स्थल पर बारिश बरसाने के लिए हवन करवाने की तैयारी कर ली है।
वीरवार को देव कमरूनाग मंदिर में हवन होगा और देवता से जल्द बारिश बरसाने की गुहार लगाई जाएगी। देवता के कटवाल काहन सिंह ने हवन करवाने की पुष्टि की है। जिले में इस समय बारिश न होने से बने हालात से सेब बगीचों में तौलिए, गोबर और खाद का काम ठप पड़ गया है। गेहूं, मटर, लहसुन, प्याज और अन्य नकदी फसलों पर सूखे से प्रतिकूल असर पड़ गया है। किसान देवालयों की शरण में चले गए हैं। जबकि इंद्र देवता मान नहीं रहे हैं। चार माह से बारिश न होने से सूखे ने किसानों बागवानों को चिंतित कर दिया है। संवाद