सुंदरनगर में स्कूल प्रवक्ता संघ के सदस्यों ने शिक्षा मंत्री से की भेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला मंडी के सदस्यों ने रविवार को सुंदरनगर में शिक्षा मंत्री से भेंट कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। जिला मंडी स्कूल प्रवक्ता संघ के सदस्यों ने जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर प्रवक्ताओं की समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा। जिला अध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया कि बैठक में प्रधानाचार्य पदोन्नति के लिए प्रवक्ताओं का प्रमोशन कोटा बढ़ाने, प्रवक्ताओं को छठी से दसवीं कक्षा तक नीड-बेस्ड आधार पर ही अध्यापन कार्य देने, प्रवक्ता स्कूल न्यू शब्द को हटाने, उच्च शिक्षा प्राप्त तथा कॉलेज में जाने की पात्रता पूरी करने वाले प्रवक्ताओं को कॉलेज प्रमोशन में कोटा देने तथा कंप्यूटर लेक्चरर को लाइब्रेरी के कार्यभार से मुक्त करने सहित कई अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता एवं आत्मीयता से सुना और आश्वासन दिया कि इन विषयों पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उचित निर्णय लिया जाएगा।