नगवाई-आशूनाला सड़क पर बहा के पास फंसी निगम की बस। स्त्रोत : जागरूक पाठक
खस्ता हाल सड़क पर फंसी सरकारी बस
बहा के पास नगवाईं-आशूनाला मार्ग पर बाधित रही आवाजाही
संवाद न्यूज एजेंसी
नगवाईं (मंडी)। नगवाईं-आशूनाला सड़क पर शुक्रवार को बहा के पास बदहाल सड़क के कारण हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) बस बीच रास्ते में ही फंस गई। इससे बस में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ समय तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। नगवाईं-शिल्ह मशोरा रूट पर गई कुल्लू डिपो की बस फंसने के कारण यात्री भी बाहर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क की खराब हालत के कारण बस आगे नहीं बढ़ सकी। चालक ने बस निकालने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका। स्थानीय लोगों वीरेंद्र कुमार, खेम सिंह, सोहन लाल सहित अन्य ने लोक निर्माण विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।