सुंदरनगर (मंडी)। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पर्व को हर्षोल्लास से मनाने के लिए क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। सुंदरनगर नगर परिषद के भोजपुर वार्ड स्थित प्रसिद्ध श्री गोपाल मंदिर कमेटी की ओर से महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में बुधवार सुबह से प्रभात फेरियां भी आरंभ कर दी गई हैं। इसमें मातृशक्ति बढ़चढ़कर शिरकत कर प्रभु नाम की अलख जगा रही है। श्री गोपाल मंदिर कमेटी के प्रधान डॉ. सीपी कौशल ने बताया महाशिवरात्रि पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। महादेव स्थित प्राचीन महादेव मंदिर, चतरोखड़ी स्थित डोडेश्वर महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में भी महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास से मनाने को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।