ग्राहकों के न आने पर दोपहर बाद बंद करनी पड़ीं दुकानें
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। शहर के स्वर्णकारों ने ग्राहकों की सुविधा के लिए रविवार को दुकानें खुली रखीं लेकिन लोगों का अधिक रुझान न होने के चलते कारोबारियों को दोपहर बाद दुकानें बंद करनी पड़ीं। बहुत कम लोगों ने दुकानों में पहुंच कर जरूरत अनुसार सामान की खरीद की। शहर के प्रसिद्ध सराफ कारोबारी रतन सिंह सर्राफ, राजा सिंह मल्होत्रा सहित अन्य स्वर्णकारों ने रविवार को अपने संस्थान खुले रखे थे। कारोबारियों का कहना है कि भादो माह में शुभ कार्यों से परहेज और उसके तुरंत बाद श्राद्ध पक्ष शुरू होने के कारण बाजार में मंदा छाया रहा। हालांकि कुछ नियमित ग्राहकों ने नवरात्र में होने वाली शादियों, जन्मदिन और मुंडन जैसे आयोजनों के लिए पहले से ही आभूषणों की बुकिंग करवा रखी थी, जिन्हें पहले नवरात्र के शुभ मुहूर्त में डिलीवर करनी थी लेकिन बहुत कम लोगों ने खरीदारी में दिलचस्पी दिखाई। सराफ स्वर्णकार वेलफेयर एसोसिएशन मंडी के प्रधान आशुतोष पाल ने स्पष्ट किया कि पहले नवरात्र पर दुकानें खुली रखने का यह निर्णय पूरी तरह स्वैच्छिक था और किसी भी दुकानदार पर इसके लिए कोई दबाव नहीं बनाया गया था। कारोबारियों को उम्मीद है कि आगामी दिनों में त्योहारी सीजन के चलते सोने-चांदी के बाजार में रौनक लौटेगी और ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंचेंगे।