धर्मपुर में वनमित्र भर्ती में बेहोश हुई युवती
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर उपमंडल के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस सिद्धपुर में वन मित्रों की भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। इसमें सैकड़ों बेरोजगार युवा शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को दौड़ में शामिल पांच युवतियां अचानक गश खाकर गिर पड़ीं, जिनका वहां मौजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एंबुलेंस में उपचार किया। धर्मपुर व कमलाह वन रेंज में 17 पदों के लिए उपमंडल के सैकड़ों युवाओं ने आवेदन किए थे। इनमें 531 आवेदन ही सही पाए गए हैं। धर्मपुर वन रेंज के तहत आठ पद व कमलाह रेंज के लिए नौ पद भरे जाने हैं। शुक्रवार सुबह से ही भर्ती स्थल पर भारी संख्या में युवा कड़ाके की ठंड के बीच बनियान व निक्कर पहने अपनी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए पहुंचे। युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। कई किलोमीटर की दौड़ भी लगाई। वन विभाग के एसीएफ अश्वनी कुमार ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है। धर्मपुर में 327 व कमलाह रेंज ऑफिस के लिए 204 युवाओं के आवेदन सही पाए गए हैं, जो इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं। कहा कि जो युवा इस भर्ती में पास होंगे, वही अगली प्रक्रिया के लिए प्रवेश करेंगे। दौड़ के लिए 50-50 युवाओं को समूह बार दौड़ाया जा रहा है। इस दौरान मेडिकल स्टाफ, पुलिस जवान भी सहयोग कर रहे हैं।