सुंदरनगर (मंडी)। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के तहत प्रोलीनाला के पास सलापड़-सेरी कोठी सड़क के भूमि पूजन की शिलान्यास पट्टिका किसी ने तोड़ कर ढांक में गिरा दी है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग की शिकायत पर सुंदरनगर थाना में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मंडल भाजपा का कहना है कि जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है सुंदरनगर में कई स्थानों पर विधायक राकेश जम्वाल के नाम वाली पट्टिकाएं तोड़ी गई हैं, लेकिन एक भी शख्स के खिलाफ अब तक कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई है। जानकारी के अनुसार थाना में दर्ज प्राथमिकी में लोक निर्माण विभाग के ध्वाल सेक्शन में कार्य निरीक्षक पद पर तैनात कृष्ण लाल ने बताया है कि 16 जनवरी को उसे सूचना मिली कि प्रोलीनाला के पास सलापड़ से सेरी कोठी सड़क के 2019 में किए गए भूमि पूजन की शिलान्यास पट्टिका ईंटों सहित किसी ने तोड़ कर ढांक में फेंक दी है। इधर, मंडल भाजपा के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने इसे कांग्रेस की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर में लगातार दो बार विधानसभा चुनाव में करारी हार से कांग्रेस सदमे में है। इसी के चलते बार-बार सुंदरनगर में विधायक राकेश जम्वाल की ओर से किए गए विकास कार्यों की शिलान्यास और उद्घाटन पट्टिकाएं तोड़ी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस ने मामले में संलिप्त लोगों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।