कोटली (मंडी)। उपमंडल कोटली के अंतर्गत अरनोडी खड्ड में धन्यारा पंचायत और कोटली पंचायत को जोड़ने वाला पैदल पुल गंभीर खतरे की स्थिति में पहुंच गया है। बरसात के दौरान खड्ड में उफान आने से पुल की एक ओर की नींव के लगभग 40 प्रतिशत पत्थर बह गएैं। कुसमल गांव के निवासी लेखराज ने बताया कि अगर दोबारा तेज बारिश हुई तो पुल बहने का खतरा और बढ़ सकता है। वहीं स्थानीय निवासी दुर्गा सिंह ने कहा कि पुल की खराब हालत देखकर डर सताने लगा है, लेकिन लोगों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। पंचायत प्रधान कुसुम देवी ने बताया कि आगामी जनसभा में पुल की मरम्मत का प्रस्ताव डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत रखा जाएगा। फिलहाल सीमेंट-बजरी उपलब्ध न होने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थानीय विधायक ने इसके लिए विशेष बजट देने का आश्वासन दिया है।
बीडीओ सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि विभाग जल्द ही विशेष बजट जारी कर पुल की मरम्मत करवाएगा। संवाद