जोगिंद्रनगर(मंडी)। राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में नए सत्र के विद्यार्थियों के दाखिले की मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। बीएससी प्रथम वर्ष के विभिन्न विषयों में से जूलॉजी में उच्चतर मेरिट 98.2, बोटनी में 97.2 रही। वहीं बीबीए में इस बार 89.6 उच्चतर मेरिट रही। वाणिज्य में 97.2 उच्चतर मेरिट रही। गत वर्ष की तुलना में वाणिज्य विषय में विद्यार्थियों का दाखिला कम रहा। अभी तक केवल 51 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। बीएससी प्रथम वर्ष में दाखिला प्रवेश के लिए आरक्षित कुल 80 सीटों में से जूलॉजी में 35, बोटनी में 25 और फिजिक्स में करीब 30 विद्यार्थियों ने दाखिले लिए हैं। कला संकाय के हिंदी विषय में आरक्षित 120 सीटों में से 104, अंग्रेजी विषय में 65, राजनीति शास्त्र में 179, शारीरिक शिक्षा में 30, इकॉनोमिक्स में 21, शिक्षा में 15 और जियोग्राफी में 11 विद्यार्थियों के दाखिले हुए हैं। संस्कृत और संगीत विषय में केवल एक-एक विद्यार्थी का ही दाखिला हुआ है। लोक प्रशासन में तीन विद्यार्थियों के दाखिले हुए हैं। कोरोना काल में जोगिंद्रनगर महाविद्यालय में दाखिले में इजाफा हुआ है। महाविद्यालय में 2500 विद्यार्थियों के दाखिले की तैयारी थी लेकिन अभी तक 2700 विद्यार्थियों ने दाखिला फार्म हासिल कर लिए हैं। करीब 1400 विद्यार्थियों की ऑनलाइन फीस से 20 लाख से अधिक धनराशि महाविद्यालय के खजाने में जमा हुई है। वहीं 78 हजार रुपये की आमदनी प्रवेश फार्म से महाविद्यालय प्रबंधन को हुई है। जोगिंद्रनगर राजकीय महाविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया 26 जुलाई को शुरू हुई थी। जो दस अगस्त तक निर्धारित की गई थी। कोरोना संकट की विकट परिस्थितियों और विद्यार्थियों के प्रवेश के बढ़ते उत्साह को देखते हुए इसे 23 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। हालांकि नए सत्र की कक्षाएं 16 अगस्त से शुरू हो जाएंगी। कॉलेज की प्राचार्य सुनीता ने बताया कि महाविद्यालय में नए सत्र के दाखिले की मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। विद्यार्थी महाविद्यालय की वेबसाइट में इसकी जानकारी हासिल कर सकते हैं। दाखिले की अवधि 23 अगस्त तक बढ़ा दी गई है।