उरला बाजार के साथ लगते जंगल में लगी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
द्रंग (मंडी)। वन परिक्षेत्र उरला के नौशा और हियुनगलू जंगल में आग लगने के बाद शुक्रवार को उरला बाजार के साथ लगते जंगल में आग भड़क गई। दोपहर करीब एक बजे आग लगी। ग्रामीणों नवीन शर्मा, भानु शर्मा, सुनील शर्मा आदि ने आग पर काबू पा लिया। इससे चीड़ सहित देवदार पौधे सुरक्षित बच गए। आग बिजली के खंभे के नीचे लगी थी। कयास लगाए जा रहे हैं कि बिजली तारों के आपस में टकराने से आग लगी हो। एहतियातन पधर से फायर ब्रिगेड का वाहन भी उरला पहुंच गया था। नौशा और हियुनगलू जंगल में भड़की आग को काबू में पाने के लिए स्थानीय ग्रामीण और वन महकमे के कर्मचारी रातभर मोर्चे में डटे रहे। देर रात आग पर काबू पाया गया। वनमंडल अधिकारी राकेश कटोच ने बताया कि नौशा और हियुनगलू जंगल में आग के मामले की एफआईआर पुलिस थाना में की है। संवाद