मंडी। आईआईटी कमांद के उत्तरी परिसर में बुधवार शाम लगभग 6:00 बजे एक्सपेरिमेंटल लैब में आग भड़क गई। लैब में कंप्यूटर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर मंडी से दमकल टीम संस्थान पहुंची। यहां दूसरे तल पर स्थित लैब में भड़की आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रित कर लिया। आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल पाया है। घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। उधर, दमकल केंद्र मंडी के प्रभारी तारा चंद ने बताया कि संस्थान व दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।