सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर पुलिस थाना में एक 18 वर्षीय युवती की आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स कथित तौर पर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और शिकायत करने पर धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। लड़की के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 23 अक्तूबर को उन्हें अपनी बेटी की आपत्तिजनक वीडियो क्लिप्स व्हाट्सएप पर प्रसारित होने की जानकारी मिली। जिले के ही एक युवक पर आरोप है कि उसने युवती की सहमति के बिना वीडियो क्लिप्स कॉलेज के व्हाट्सएप और सोशल मीडिया ग्रुप में साझा किए। वहीं, 24 अक्तूबर रात करीब दो बजे आरोपी के चचेरे भाई पर युवती को मामले की जानकारी किसी को देने या पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। डीएसपी भारतभूषण ने मामले की पुष्टि की है।