सुंदरनगर(मंडी)। आबकारी एवं कराधान विभाग ने चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर नाका लगा कर बिना ई-वे बिल के सामान ले जाते हुए एक दर्जन वाहनों से 1.45 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया है। वहीं अतिरिक्त गुड्स टैक्स व गुड्स टैक्स अदा न करने पर भी 5630 रुपये जुर्माना वसूल किया है। जानकारी के अनुसार आबकारी एवं कराधान विभाग के दल ने सहायक आयुक्त ललित पोसवाल व प्रवीण ठाकुर ने नेतृत्व में सुंदरनगर हाईवे पर नाका लगा रखा था। इस दौरान 11 वाहनों की जांच के दौरान उनके पास माल ढोने के लिए ई-वे बिल मौजूद नहीं था। जिस पर आबकारी विभाग ने इनसे 1.45 लाख रुपये टैक्स व जुर्माना वसूल किया है। वही इस दौरान अतिरिक्त गुड्स टैक्स व गुड्स टैक्स अदा न करने वाले वाहन चालकों से 5,630 रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। टीम में आबकारी एवं कराधान अधिकारी हेतराम वर्मा व रितेश कटोच भी शामिल रहे। सहायक आयुक्त ललित पोसवाल ने बताया बिना टैक्स के सामान लाने वालों के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।