सुंदरनगर (मंडी)। कृषि विभाग की आत्मा परियोजना ने विकासखंड निहरी की ग्राम पंचायत झूंगी में खेत बचाओ अभियान के तहत बुधवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। बीटीएम रवि कुमार ने किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रासायनिक खाद और कीटनाशकों के संतुलित उपयोग की सलाह दी। रवि कुमार ने प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही बेहतर कृषि उत्पादन का आधार है। एटीएम मुरारी और लक्की कश्यप ने एग्रीस्टैक पोर्टल और फार्मर रजिस्ट्री की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया और मौके पर कई किसानों का पंजीकरण भी किया गया। इस दौरान मिट्टी एवं जल संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और फसल विविधीकरण के प्रति भी जागरूक किया गया। संवाद