मंडी के चौहटा बाजार अतिक्रमण को हटाते नगर निगम टीम। स्रोत विभाग
मंडी। मंडी शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल चौहटा बाजार में नगर निगम ने अतिक्रमण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए बाजार को खाली करवाया। सफाई निरीक्षक सतीश गुलेरिया के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ग्रामीण इलाकों से आकर स्थानीय उत्पाद बेचने वाले विक्रेताओं को हटाया। दरअसल बाजार में स्थानीय उत्पाद बेचने वालों के बैठने से भीड़भाड़ बढ़ती थी और आम लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसकी लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। टीम ने अन्य दुकानों का निरीक्षण कर सड़क व रास्तों पर रखा सामान भीतर रखने के सख्त निर्देश दिए। चौहटा बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है और सर्दियों में यहां बड़ी संख्या में लोग बैठने व धूप सेंकने आते हैं। निगम आयुक्त डॉ. मदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि आम जनता की सुविधा और सार्वजनिक स्थल के सुचारु उपयोग के लिए आगे भी बाजार को अतिक्रमण मुक्त रखने की यह मुहिम जारी रहेगी। संवाद