वन विभाग से एनओसी मिलते ही तैयार होगी डीपीआर
नेला में बनेगा हाईटेक स्लाटर हाउस, खुले में मीट काटने पर लगेगी रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम का दर्जा मिलने के पांच वर्ष बाद मंडी शहर में आधुनिक स्लाटर हाउस के लिए वार्ड 4 नेला में जमीन चिह्नित कर ली गई है। वन विभाग से एनओसी मिलते ही डीपीआर तैयार कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। शहर में स्लाटर हाउस न होने से स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और मांस की गुणवत्ता पर सवाल उठते रहे हैं। वर्तमान में पशुओं का वध अलग-अलग स्थानों पर होता है, जिससे वैज्ञानिक और स्वच्छ प्रक्रिया का पालन नहीं हो पा रहा है। नई सुविधा में पशुओं की पहचान, स्वास्थ्य जांच और स्टनिंग जैसी प्रक्रियाएं अनिवार्य होंगी, जिससे पशु कल्याण और मांस की स्वच्छता सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही अपशिष्ट का वैज्ञानिक निपटान भी किया जाएगा। पुराने स्लाटर हाउस में जगह की कमी के कारण केवल मृत पशुओं की जांच ही हो पा रही है, जो पर्याप्त नहीं है। नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि एनओसी मिलते ही परियोजना पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा।