जोगिंद्रनगर में सड़क सुविधा को लेकर अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीण। संवाद
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में सड़क निर्माण कार्य में देरी को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा लोक निर्माण विभाग पर फूटा है। बजट स्वीकृत होने के बाद भी बयूहं टिक्कर सड़क का निर्माण कार्य करीब दो सालों से बंद पड़ा है। इससे हो रही परेशानियों पर बुधवार को प्रभावित लोगों ने लोक निर्माण विभाग जोगिंद्रनगर के अधिशासी अभियंता के कार्यालय में पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया ओर नारेबाजी कर रोष जताया। भारत की जनवादी नौजवान सभा की बयूंह इकाई का प्रतिनिधिमंडल और ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष संजय जम्वाल की अगुवाई में विभागीय सहायक अभियंता के कार्यालय में पहुंचे। यहां उन्होंने मांग पत्र सौंपा। साथ ही निर्माण कार्य जल्द शुरू न करने पर जन आंदोलन की चेतावनी दी। संजय जम्वाल ने बताया कि सड़क के सुधार कार्य के लिए करीब 10 लाख रुपये की बजट राशि स्वीकृत है। बावजूद इसके भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। परिस्थितियों ऐसी बन चुकी हैं कि मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए पालकी सहारा बन रही है।
उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जेपी नायक ने कहा कि वह सड़क निर्माण कार्य पर हुए विलंब की रिपोर्ट हासिल कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएंगे। ताकि जल्द सड़क का सुधार कार्य शुरू हो सकें।