धर्मशाला। जिले में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान निधि योजना के तहत 7 मार्च से महिलाएं योजना के तहत राशि पाने के लिए जिला कल्याण अधिकारी के पास आवेदन कर रही हैं, लेकिन अभी तक महिलाओं में जागरूकता की कमी होने के कारण एक दिन में 200 महिलाएं ही 1500 रुपये पाने के लिए आवेदन कर रही हैं। कई महिलाओं को दस्तावेज़ अधूरे होने से बार-बार तहसील कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। महिलाओं में फार्म भरने को लेकर जागरूकता की कमी है, इस कारण उन्हें बिना फार्म जमा करवाए घर वापस लौटना पड़ रहा है। वहीं इस संदर्भ में तहसील कल्याण अधिकारी चमेली कपूर ने बताया कि अभी भी कुछ महिलाओं में फार्म भरने को लेकर जागरूकता की कमी है। उन्होंने बताया कि महिलाएं जो दस्तावेज जमा करवा रही हैं, उसमें बैंक अकाउंट की डिटेल साफ नहीं मिल रही है, जिसके चलते उनके आवेदनों को दुरुस्त करने को कहा जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि जब भी आवेदन जमा करवाने आएं तो बैंक पासबुक के अकाउंट वाले पेज की साफ फोटो स्टेट कापी लगाएं, ताकि उनकी डिटेल भरते समय दिक्कतों का सामना न करना पड़े।