जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल में नशे के कारोबार पर पुलिस कार्रवाई के बावजूद अंकुश नहीं लग पा रहा है। शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी चिट्टा, चरस और अवैध शराब की तस्करी बढ़ने से युवा इसकी चपेट में आ रहे हैं। लडभड़ोल के सांढापतन और लांगणा से लेकर चौंतड़ा की ढेलू व चौंतड़ा पंचायत तक तस्करी का नेटवर्क सक्रिय बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पिछले पांच वर्षों में एनडीपीएस एक्ट के तहत 250 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि नशा माफिया के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने इस काले कारोबार पर प्रभावी रोक के लिए लोगों से भी सहयोग की अपील की।