हिमाचल दिव्यांग कल्याण समिति सांसद अनुराग ठाकुर को ज्ञापन सौंपते। स्रोत समिति
संवाद न्यूज एजेंसी
सरकाघाट (मंडी)। हमीरपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित 76वें सामाजिक अधिकारिता शिविर एवं सहायक उपकरण वितरण समारोह के दौरान हिमाचल दिव्यांग कल्याण समिति ने दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़ी 20 सूत्रीय मांगें उठाईं। समिति के प्रदेश महासचिव एवं सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने सांसद अनुराग ठाकुर के माध्यम से प्रधानमंत्री को धन्यवाद ज्ञापन सौंपा। मांग पत्र में दिव्यांगजनों की न्यूनतम पेंशन 10 हजार रुपये प्रतिमाह करने, सरकारी व निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, दवाइयां व लैब टेस्ट की सुविधा तथा गंभीर रूप से अक्षम दिव्यांगों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा बसों में ऑनलाइन बुकिंग, यूडीआईडी कार्ड की देशभर में मान्यता, सार्वजनिक स्थलों पर रैंप व विशेष शौचालय, अटेंडेंट को मुफ्त यात्रा और लो-फ्लोर बसों की सुविधा की मांग की गई। समिति ने तहसील स्तर पर खेलकूद व सांस्कृतिक आयोजन, सलाहकार बोर्ड में सक्षम दिव्यांगों की नियुक्ति, मेडिकल व ट्रेन पास की प्रक्रिया सरल करने तथा बजट का ब्योरा स्वावलंबन पोर्टल पर सार्वजनिक करने का भी आग्रह किया। प्रदेश अध्यक्ष हरिदास कौशल और वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोशन लाल ने मांगों का समर्थन करते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार से इन्हें शीघ्र लागू करने की अपील की।