सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन गोपालपुर खंड इकाई की बैठक शुक्रवार को सरकाघाट बस अड्डा के समीप निजी रेस्तरां में शुक्रवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता खंड इकाई प्रधान रमेश ठाकुर ने की। इसमें करीब 35 पेंशनरों ने भाग लिया और विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श किया। बैठक में पेंशनर के लंबित चिकित्सा बिलों के भुगतान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। रमेश ठाकुर ने कहा कि चिकित्सा बिलों के शीघ्र भुगतान के आदेश जारी होने के बावजूद कई पेंशनर्स के बिलों का भुगतान अभी तक नहीं हो पाया है। इस पर सदस्यों ने रोष व्यक्त करते हुए सरकार से लंबित चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की। बैठक में 18 सितंबर को बिलासपुर में संपन्न हुई राज्य स्तरीय बैठक की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों तथा आगामी रणनीति के बारे में पेंशनर्स को विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए सरकार से पेंशनर के सभी प्रकार के लंबित देय राशि और चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान करने का आग्रह किया। बैठक में जगदीश नरयाल, रमेश ठाकुर, कुलदीप गुलेरिया, केसी ठाकुर, चतर सिंह आदि उपस्थित रहे। संवाद