चौथे नवरात्र पर देव ऋषि का रथ जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा
संवाद न्यूज एजेंसी
पधर (मंडी)। देव पाईंदल ऋषि मंदिर कमेटी द्रंग सिरा सिलग की बैठक रविवार को प्रधान दीपक शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लघु शिवरात्रि मेला जोगिंद्रनगर में देव ऋषि के आगमन और मंदिर में नवरात्र की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंदिर में देव ऋषि का रथ जन्मोत्सव चौथे नवरात्र को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर हवन पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। प्रधान दीपक शर्मा ने बताया कि देव ऋषि मेला कमेटी के निमंत्रण पर जोगिंद्रनगर मेले में भाग लेंगे। देव ऋषि प्रथम अप्रैल को जोगिंद्रनगर के लिए प्रस्थान करेंगे। 27 मार्च को आयोजित बैठक में मेले में जाने वाले देव कारकूनों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। नवरात्र के आगमन पर मंदिर में रंग-रोगन और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर उपप्रधान प्रकाश चंद, पूर्व प्रधान रूप सिंह ठाकुर, पूर्व उपप्रधान सजीव शर्मा, भवन रांगडा, गूर खेम सिंह, काशी राम, पुजारी बीटू बरवाल, हरीश रांगडा और खजाना राम ठाकुर ने भी अपने विचार व्यक्त किए।