मंडी। दिव्यांगजनों को दी जाने वाली सुविधाओं और योजनाओं का लाभ देने के लिए बनाए जाने वाले यूडीआईडी कार्ड के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा होगा। उन्हें शीघ्र यूडीआईडी कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। यह बात एडीसी मंडी रोहित राठौर ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने बताया कि जिले में इस समय दिव्यांगता कार्ड जारी करने के 23,850 नए मामलों में से 6,205 मामले लंबित हैं जबकि दिव्यांगता प्रमाण-पत्र को डिजिटाइज करने के 14,035 मामलों में से 1,664 मामले लंबित हैं। उन्होंने लंबित मामलों को निपटारे के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगता अवलोकन के लिए लगने वाले शिविरों में लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक से भी बात की जाएगी। बैठक में सीएमओ डॉ. नरेंद्र भारद्वाज, डॉ. जोगिंद्र ठाकुर, डॉ.धर्म सिंह वर्मा आदि मौजूद रहे।