मंडी के कन्या स्कूल में चल रही अंडर-19 छात्राओं की जिला स्तरीय खेलकूद
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या मंडी में चल रही अंडर-19 छात्राओं की जिलास्तरीय खेलकूद स्पर्धा में मंगलवार को विभिन्न मुकाबले हुए। इसमें बैडमिंटन, खोखो, कबड्डी, वॉलीबॉल, चेस के मैच हुए। विभिन्न मुकाबलों में विभिन्न टीमों की खिलाड़ियों ने भाग लिया। कबड्डी के मुकाबले में सुंदरनगर प्रथम जोन और धर्मपुर का मुकाबला हुआ। जिसमें धर्मपुर ने सुंदरनगर को पछाड़ा। वहीं वाॅलीबाल में धर्मपुर की टीम ने औट जोन को मात दी। इस तरह से दोनाें ही मुकाबले धर्मपुर ने जीते। बता दें कि खेलों का समापन 12 सितंबर को होगा। इन खेलों का शुभारंभ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर ने किया था, जबकि समापन कांग्रेस नेत्री चंपा ठाकुर करेंगे। कन्या स्कूल मंडी के प्रधानाचार्य अनिल कुमार कटोच ने बताया कि जिलास्तरीय स्पर्धा में जिला के 25 जोन की 904 खिलाड़ी भाग ले रही हैं। रोजाना दिलचस्प मुकाबले हो रहे हैं और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा प्रदान की जा रही है।