स्वयंसेवकों ने पारंपरिक नाटी से सबका मन मोह लिया
थुनाग (मंडी)। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष वार्षिक शिविर का समापन सराज कॉलेज स्थित लंबाथाच में बुधवार को हुआ। मुख्य अतिथि नाचन वन प्रभाग के डीएफओ एसएस कश्यप ने इस दौरान पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जल, जंगल और जमीन हमारा सबसे बड़ा धन है। इनका संरक्षण करके ही हम आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य सौंप सकते हैं। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी बोध राज ने शिविर के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। जबकि, स्वयंसेविका धृति ने सात दिन की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि ने कॉलेज कैंपस में पौधरोपण किया। सांस्कृतिक सत्र में स्वयंसेवकों की रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। सुनीता-चेतन का युगल नृत्य, चांदनी का एकल गीत, लीना का एकल नृत्य, प्रमिल-नैंसी का युगल नृत्य, ललित कुमार का एनएसएस रैप, चांदनी-चेतन का युगल गीत और चेतन का एकल गीत खास आकर्षण बने। अंत में स्वयंसेवकों ने पारंपरिक नाटी से सबका मन मोह लिया। डॉ. यामिनी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ। संवाद