छोटी काशी मंडी में गूंजेंगे भोलेनाथ के जयकार
शिव दर्शन और रुद्राभिषेक के लिए शिवालयों में लगेंगी कतारें
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। सावन मास शुरू होते ही पहले सोमवार को छोटी काशी सहित मंडी जिले के शिवालयों में शिव नाम के जयकारों की गूंज सुनाई देगी। आराध्य भगवान शिव के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु सुबह से ही रुद्राभिषेक और जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों के बाहर लंबी कतारों में नजर आएंगे। करसोग स्थित ऐतिहासिक ममलेश्वर महादेव, शंकर देहरा, बूढ़ा केदार सराज, सुंदरनगर का महादेव मंदिर, डैहर शिव मंदिर, सरकाघाट, त्रिवेणी महादेव धर्मपुर, कुड महादेव लडभड़ोल, शिव मंदिर लदरूंही जोगिंद्रनगर, पधर सहित मंडी स्थित ऐतिहासिक बाबा भूतनाथ, एकादश रुद्र, त्रिलोकी नाथ, पंचवक्त्र, महामृत्युंजय और नीलकंठ महादेव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। शिव दर्शन और जलाभिषेक के साथ श्रद्धालु भगवान शिव से परिवार की खुशहाली, दीर्घायु और जनकल्याण की कामना करेंगे। बाबा भूतनाथ मठ मंदिर के महंत देवानंद सरस्वती ने बताया कि एक माह तक चलने वाले सावन मास का छोटी काशी मंडी में विशेष महत्व है। शिव भक्त निराहार रहकर अपने आराध्य की पूजा-अर्चना करते हैं। संध्या काल में स्थानीय श्रद्धालु भजन-कीर्तन और आरती में शामिल होने के बाद एक समय भोजन ग्रहण करते हैं। प्रथम सोमवार के अवसर पर बाबा भूतनाथ का विशेष शृंगार किया जाएगा। वहीं, एकादश रुद्र मंदिर के पुजारी सत सुंदरम ने बताया कि मंदिर में अखंड ज्योति प्रज्वलित होने के साथ ही श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार दिन-रात ‘ओम नम: शिवाय’ जाप के लिए पहुंच रहे हैं।