देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। प्रतिबंध के बावजूद मालवाहक वाहनों में धड़ल्ले से श्रद्धालुओं का प्रदेश के धार्मिक स्थलों में आगमन जारी है। हालांकि प्रशासन के आदेश हैं कि कोई भी श्रद्धालु मालवाहक वाहन में सफर नहीं करेगा, लेकिन कई श्रद्धालु नियमों की अवहेलना कर मालवाहक वाहनों का प्रयोग कर रहे हैं। ऐसी गाड़ियों को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन के पास कोई ठोस योजना नहीं है। हैरानी की बात यह है कि पंजाब सीमा पर बनाए बैरियर से मालवाहक गाड़ियां बेरोकटोक हिमाचल में प्रवेश कर रही हैं। यहां इन्हें रोका नहीं जा रहा है। मगर बड़ा हादसा होने के बाद ही पुलिस जागती है। कुछ दिन सख्ती की जाती है उसके बाद फिर हालात सामान्य हो जाते हैं। शनिवार रात को ढलियारा के निकट एक तीखे मोड़ पर एक ट्रैक्टर का अगला टायर अचानक खुल गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर ट्राली में सफर कर रहे करीब एक दर्जन श्रद्धालु बाल-बाल बच गए। अक्सर ढलियारा में तीखे मोड़ों पर वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो चुके हैं। इन हादसों से कई कीमती जानें जा चुकी हैं। बावजूद इसके प्रशासन मालवाहक वाहनों में सफर करने वालों को नहीं रोक पा रहा है। जानकारी के अनुसार हादसों पर काबू पाने लिए जिला प्रशासन साथ लगते पंजाब के जिलों के अधिकारियों के साथ साझा बैठक कर चुका है। बैठक में मालवाहक वाहनों में सफर पर पाबंदी लगाने का फैसला भी लिया गया, लेकिन कोई खासा असर देखने को नहीं मिल रहा है। डीएसपी देहरा अनिल कुमार का कहना है कि मालवाहक वाहनों में सफर करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।