सुंदरनगर में भागवत कथा में कृष्ण के साथ फूलों की होली खेलते भक्तजन। स्त्रोत : कमेटी
सुंदरनगर (मंडी)। शीतला मंदिर कलोहड़ में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार को फूलों की होली के साथ समापन हुआ। अंतिम दिन कथावाचक शिवम कृष्ण महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत कथा का महत्व बताते हुए कहा कि यह मनुष्य को जीवन जीने की सही पद्धति सिखाती है। भागवत कथा से व्यक्ति को सत्य के मार्ग पर चलने और अच्छे कर्म करने की प्रेरणा मिलती है। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के साथ फूलों की होली खेलने का सुंदर मंचन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालु भक्ति और उल्लास में सराबोर हो गए। भक्तों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर होली खेली और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। मंदिर कमेटी के सचिव बाल चंद वालिया ने बताया कि सात दिनों तक चली श्रीमद्भागवत कथा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर कथा का श्रवण किया। संवाद